RANCHI: रांची में रविवार सुबह एसएससी जीडी (स्टाफ सेलेक्शन कमीशन-जनरल ड्यूटी) परीक्षा के दौरान कथित चीटिंग मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएससी की ओर से मिली सूचना के आधार पर रांची पुलिस ने की। मामला पंडरा स्थित एक ऑनलाइन एग्जाम सेंटर का बताया जा रहा है, जहां परीक्षा के दौरान कदाचार की आशंका जताई गई थी।
जानकारी के अनुसार एसएससी को परीक्षा केंद्र से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद इसकी जानकारी रांची पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पंडरा स्थित एग्जाम सेंटर पर छापेमारी की और छह लोगों को हिरासत में लिया। सिटी एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में परीक्षा के दौरान चीटिंग की सूचना सही पाई गई है। गिरफ्तार किए गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे नेटवर्क और कदाचार के तरीके का खुलासा किया जाएगा।

