महागामा। महागामा विधानसभा क्षेत्र के मेहरमा प्रखंड में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में सोमवार को सड़क सुदृढ़ीकरण योजना का शिलान्यास किया गया। झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने गोड्डा-पीरपैंती एनएच पथ बिरामचक से दियाजोरी बलबड्डा पथ (घोरीचक मोड़ भाया वीरनगर तक) सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य की आधारशिला रखी। इस योजना पर करीब 1.47 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
मंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के प्रसिद्ध भुसका पहाड़ को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी तेजी से काम चल रहा है। यहां पार्क निर्माण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। भगैया ककरघट में बने नेचर पार्क की तर्ज पर विकसित होने वाली इस परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि इस पहल से क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा पंचायत में प्रस्तावित राइस मिल निर्माण की बाधाएं भी दूर कर ली गई हैं। अगले छह से आठ महीनों में राइस मिल शुरू होने की संभावना है, जिससे किसानों को धान बिक्री और प्रसंस्करण में सीधा लाभ मिलेगा।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांवों में सड़क, बिजली, पानी, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ग्रामीणों की मांग के अनुरूप छठ घाट, पोखर, पीसीसी सड़क, खेल मैदान और अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण भी कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास और जनकल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने का कार्य जारी है।
महागामा में विकास कार्यों को बढ़ावा, मेहरमा में सड़क निर्माण का शिलान्यास
भुसका पहाड़ पर पार्क निर्माण की तैयारी तेज, राइस मिल परियोजना भी जल्द होगी शुरू
15

