RANCHI: झारखंड के चर्चित टेंडर कमीशन घोटाला मामले में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अजय कुमार ने शुक्रवार को पीएमएलए की विशेष अदालत में सरेंडर कर दिया। अदालत में पेशी के बाद उन्हें एक लाख रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दे दी गई। विशेष अदालत ने स्पष्ट किया है कि अजय कुमार को मामले की हर निर्धारित सुनवाई में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।
जानकारी के अनुसार कोर्ट द्वारा मामले का संज्ञान लेने के बाद सभी आरोपियों को समन जारी किया गया था। प्रवर्तन निदेशालय ने इस मामले में 14 आरोपियों के खिलाफ पूरक चार्जशीट दाखिल की थी, जिसके बाद कई आरोपी अदालत में आत्मसमर्पण कर चुके हैं। टेंडर कमीशन घोटाले में ईडी ने पहली बड़ी कार्रवाई वर्ष 2023 में की थी, जब इंजीनियरों और ठेकेदारों के कई ठिकानों पर छापेमारी हुई थी। वहीं 6 मई 2024 को दूसरी बड़ी कार्रवाई में इंजीनियरों, कांट्रैक्टरों और ठेकेदारों के यहां छापेमारी कर भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई थी। जांच के दौरान तत्कालीन मंत्री आलमगीर आलम के पूर्व ओएसडी संजीव लाल के नौकर के ठिकाने से 30 करोड़ रुपये से अधिक नकद मिला था। हाल ही में आलमगीर आलम और संजीव लाल को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली है।

