रांची : राज्यभर में पेट्रोल-डीजल को लेकर पंपों पर बढ़ती भीड़, लंबी कतार और अफरा-तफरी की स्थिति को लेकर स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा है कि पिछले कुछ दिनों से राज्य के विभिन्न जिलों में पेट्रोल पंपों पर अत्यधिक भीड़ देखी जा रही है। लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है, जिससे आम नागरिकों, वाहन चालकों और पेट्रोल पंप संचालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर तनावपूर्ण स्थिति भी बन रही है।
दंडाधिकारियों की भी हो प्रतिनियुक्ति मंत्री ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि संवेदनशील और अधिक भीड़भाड़ वाले पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाए, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और लोगों को सुचारु रूप से पेट्रोल-डीजल मिल सके। उन्होंने कहा कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाया गया तो अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी परिस्थिति में आम लोगों को परेशानी में छोड़ना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है, ताकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रहे।
Read Also: Petrol-Diesel Price Hike : पेट्रोल 3.14 और डीजल 3.11 रुपये महंगा, जानें नए रेट और बढ़ोतरी की वजह

