चतरा : परैया-चतरा नई रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। रेल मंत्रालय ने बिहार के गया जिले स्थित परैया रेलवे स्टेशन से झारखंड के चतरा तक बनने वाली नई ब्रॉडगेज रेल लाइन को विशेष रेलवे परियोजना घोषित किया है। इस संबंध में भारत सरकार के राजपत्र में अधिसूचना भी प्रकाशित कर दी गई है।
2500 करोड़ रुपये आएंगे खर्च
यह परियोजना पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत विकसित की जाएगी। अधिसूचना के अनुसार परैया से चतरा तक करीब 75.1 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही काष्ठा तक लगभग 4.95 किलोमीटर लंबा वाई कनेक्शन भी बनाया जाएगा। बताया जा रहा है कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 2500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
विशेष रेलवे परियोजना का दर्जा मिलने के बाद अब भूमि अधिग्रहण, प्रशासनिक स्वीकृति और निर्माण कार्यों में तेजी आने की संभावना बढ़ गई है। केंद्र सरकार के इस फैसले से चतरा और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि नई रेल लाइन बनने से क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
सांसद कालीचरण सिंह ने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि चतरा को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की मांग वर्षों से उठती रही थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रयासों से अब यह सपना साकार होता दिखाई दे रहा है। सांसद ने बताया कि चुनाव जीतने के बाद से ही वे इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे।
लोगों को मिलेगी बेहतर यातायात सुविधा
नई रेल लाइन बनने से चतरा, गया, परैया और काष्ठा क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। इसके अलावा व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। कोयला, पत्थर और कृषि उत्पादों के परिवहन में आसानी होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन क्षेत्र को भी इसका लाभ मिलेगा।

