Jamshedpur : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर लगातार बढ़ रही ट्रेनों की लेटलतीफी को लेकर रेल यात्री संघर्ष समिति का आंदोलन तेज होता जा रहा है। शनिवार को साकची गोलचक्कर पर आयोजित हस्ताक्षर अभियान में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रेलवे प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समिति का आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है, लेकिन इसे रेलवे कमजोरी समझने की भूल न करे। जरूरत पड़ी तो आंदोलनकारी रेल ट्रैक पर भी बैठेंगे।
विधायक ने आरोप लगाया कि रेलवे नियम-कानूनों को ठेंगा दिखाकर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता देना आम यात्रियों के साथ अन्याय है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके आदेश पर यात्री ट्रेनों को घंटों खड़ा कर मालगाड़ियों को पास कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश भर में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार हुआ है, लेकिन टाटानगर और चक्रधरपुर मंडल की स्थिति अब भी खराब बनी हुई है। रेलवे को लेटलतीफी दूर कर यात्रियों को राहत देनी चाहिए।18 मई को बर्मामाइंस, 19 मई को मानगो में चलेगा अभियानरेल यात्री संघर्ष समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह ने कहा कि आंदोलन को लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि 18 मई को बर्मामाइंस और 19 मई को मानगो में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जबकि 24 मई को घाटशिला में बड़ा जन अभियान आयोजित होगा।उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी लोग ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर रेल मंत्री तक आंदोलन की आवाज पहुंचाई जाएगी।
रेलवे को हल्के में लेना पड़ेगा भारी
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने भी रेलवे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि यह आंदोलन यात्रियों की आवाज को मजबूत करेगा। कन्हैया सिंह ने कहा कि रेलवे आंदोलन को हल्के में ले रहा है, जो उसकी बड़ी भूल साबित होगी। वहीं सतीश सिंह ने चक्रधरपुर मंडल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।अजय कुमार ने कहा कि रेलवे को ट्रेनों का संचालन समय पर करना ही होगा। उषा यादव ने कहा कि ट्रेनों की लेटलतीफी से सबसे ज्यादा परेशानी आम यात्रियों को हो रही है। कुलविंदर सिंह पन्नू ने यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने पर नाराजगी जताई।कार्यक्रम के दौरान विधायक सरयू राय समेत अन्य सदस्यों ने राहगीरों के बीच पर्चे बांटे और क्यूआर कोड स्कैन कर अपनी शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

