RANCHI: रांची पुलिस ने सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में बड़ी आपराधिक घटना की आशंका को समय रहते विफल करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक यूएस मेड 9 एमएम ऑटोमेटिक पिस्टल, दो जिंदा गोली और दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार 18 मई को रात करीब 8:05 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के गंगानगर स्थित करम चौक के पास कुछ लोग अवैध हथियार और गोली के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सिटी एसपी के नियंत्रण में तथा सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गंगानगर करम चौक में छापेमारी की। पुलिस को देखकर वहां मौजूद चार संदिग्ध युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने खदेड़कर सभी को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान सहदेव तिग्गा, अंकित खलखो, रवि लकड़ा और संदीप कुमार उर्फ बब्लु के रूप में हुई। इनमें तीन आरोपी टुंगरी टोली हरमू थाना अरगोड़ा के निवासी हैं, जबकि संदीप कुमार गंगानगर रोड नंबर-6 सुखदेवनगर का रहने वाला है। इस मामले में सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 179/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

