रांची। राजधानी के पंडरा थाना क्षेत्र स्थित तेल मील गली में हुए चर्चित फायरिंग मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी सोनू यादव को पुलिस ने बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसे कड़ी सुरक्षा में रांची लाया गया। उससे लगातार पूछताछ जारी है। मामले में अन्य आरोपियों के भी नाम सामने आए हैं।
55 लाख रुपये के बंटवारे को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार पंडरा इलाके में 19 जनवरी को 55 लाख रुपये के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान आकाश सिंह और विकास सिंह पर गोलीबारी की गई थी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी और पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच शुरू की थी।
पुलिस संभावित ठिकानों पर कर रही थी छापेमारी
फायरिंग की घटना के बाद से ही सोनू यादव फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी, लेकिन वह बार-बार अपना ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा। जांच के दौरान पुलिस को यह इनपुट मिला कि वह बिहार में छिपा हुआ है।
इसी बीच रांची के एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली कि सोनू यादव पटना के बिहटा इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही एक विशेष टीम गठित कर वहां छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में बहुत कुछ आएगा सामने
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में इस फायरिंग कांड से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा फरारी के दौरान उसे किसका सहयोग मिल रहा था।
पुलिस के मुताबिक सोनू यादव का नाम पहले भी कई चर्चित आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। उसका संबंध कमल भूषण हत्याकांड और अकाउंटेंट संजय हत्याकांड से भी जोड़ा जाता रहा है। पुलिस अब उसके नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और आपराधिक संपर्कों की भी जांच कर रही है। पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने और उससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

