Home » Dhanbad News : राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर धनबाद कांग्रेस में दो फाड़, अलग-अलग कार्यक्रमों ने उजागर की गुटबाजी

Dhanbad News : राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर धनबाद कांग्रेस में दो फाड़, अलग-अलग कार्यक्रमों ने उजागर की गुटबाजी

Dhanbad News : एक ही दिन, एक ही मुद्दे पर दो अलग-अलग कार्यक्रमों ने यह साफ कर दिया कि धनबाद कांग्रेस फिलहाल कई धड़ों में बंटी हुई है।

by Mujtaba Haider Rizvi
Jharkhand Congress News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Dhanbad : धनबाद में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि तो दी, लेकिन इस दौरान पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी भी खुलकर सामने आ गई। गुरुवार को धनबाद में कांग्रेस के दो अलग-अलग गुटों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर पार्टी में बढ़ती खींचतान का सार्वजनिक प्रदर्शन कर दिया।

एक ओर धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में हाउसिंग कॉलोनी स्थित जिला कांग्रेस मुख्यालय में “सद्भावना दिवस” मनाया गया। इस दौरान श्रद्धांजलि सभा के साथ रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, मनोज कुमार यादव, मधुसूदन सिंह चौधरी, गोपाल कृष्ण चौधरी, देवेंद्र पासवान, फ़ैज़ अहमद रिजवी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी राकेश किरण महतो ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में आधुनिक भारत की नींव रखी। उन्होंने पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत किया, युवाओं को 18 वर्ष की उम्र में मतदान का अधिकार दिया और सूचना क्रांति की शुरुआत की। वहीं जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि राजीव गांधी का योगदान शिक्षा, तकनीक और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में ऐतिहासिक रहा है।

दूसरे गुट ने गांधी सेवा सदन में की सभा

दूसरी ओर कांग्रेस के ही दूसरे गुट ने रणधीर वर्मा चौक स्थित गांधी सेवा सदन में अलग श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजेश्वर सिंह यादव ने की, जबकि संचालन मो. हेमायूं रज़ा और बबलू दास ने किया। इस कार्यक्रम में मनोज कुमार सिंह, वैभव सिन्हा, अशोक प्रकाश लाल, अवधेश पासवान, डी.के. सिंह, लखन बेसरा, प्रीतम रवानी सहित कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

गांधी सेवा सदन में आयोजित कार्यक्रम में मनोज कुमार सिंह ने राजीव गांधी को 21वीं सदी के भारत का शिल्पकार बताते हुए सूचना क्रांति, कंप्यूटर तकनीक और दूरसंचार विस्तार में उनके योगदान को याद किया। वहीं, अन्य नेताओं ने कहा कि आज देश जिस डिजिटल युग की ओर बढ़ रहा है, उसकी आधारशिला राजीव गांधी ने ही रखी थी। हालांकि राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय श्रद्धांजलि कार्यक्रम से ज्यादा कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी रही।

धनबाद में कई धड़ों में बंटी है कांग्रेस

एक ही दिन, एक ही मुद्दे पर दो अलग-अलग कार्यक्रमों ने यह साफ कर दिया कि धनबाद कांग्रेस फिलहाल कई धड़ों में बंटी हुई है। लंबे समय से जिले में संगठन के भीतर वर्चस्व की लड़ाई और आपसी खींचतान की चर्चा होती रही है, लेकिन राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर अलग-अलग मंचों से कार्यक्रम आयोजित होने के बाद यह विवाद अब खुलकर सामने आ गया है।

Read Also: Jharkhand Rail News: फिर शुरू होगी धनबाद-चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन, गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को राहत

Related Articles

Leave a Comment