Koderma: झारखंड के कोडरमा में गुरुवार को हजारीबाग एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के लाइनमैन को गिरफ्तार किया है। लाइनमैन को ₹5000 रिश्वत लेते रंगे हाथों की गिरफ्तार किया गया। एसीबी की टीम कोडरमा से लाइनमैन को लेकर हजारीबाग पहुंच गई है। मामले की जांच की जा रही है।
कहा जा रहा है कि एसीबी की टीम लाइनमैन को जेल भेजेगी। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसीबी की कार्रवाई से कोडरमा के बिजली विभाग के तिलैया सब डिवीजन में हड़कंप मच गया है।
गौरतलब है कि कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। एसीबी की विशेष टीम को शिकायत मिली थी कि बिजली विभाग का यह लाइनमैन काम करने के बदले रिश्वत मांगता है। शिकायत की जांच हुई। इसे सही पाया गया। इसके बाद एसीबी ने लाइनमैन को पकड़ने की प्लानिंग की।
₹5000 लेते ही धर दबोचा
जिस व्यक्ति से लाइनमैन ने रिश्वत मांगी थी उसे तैयार किया गया। उसने लाइनमैन से बात की। लाइनमैन ने ₹5000 में काम करने की हामी भरी। जैसे ही लाइनमैन ने उस व्यक्ति से ₹5000 रिश्वत लिए, आसपास मौजूद एसीबी कर्मियों ने लाइनमैन को रंगे हाथों में दबोच लिया। लाइनमैन के पकड़े जाने के बाद तिलैया बिजली सब डिवीजन में अफरातफरी का माहौल बन गया।
कोई रिश्वत मांगे तो एसीबी से करें शिकायत
एसीबी के अधिकारियों का कहना है कि रिश्वतखोर अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ उनकी कार्रवाई इसी तरह जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर उनसे कोई रिश्वत मांगता है तो वह फौरन एसीबी से संपर्क करें।

