Jamshedpur : कदमा थाना क्षेत्र स्थित रामनगर गांधी बस्ती में पुलिस ने जुआ खेलने और आसपास के लोगों में दहशत व अव्यवस्था फैलाने की सूचना पर बड़ी कार्रवाई की। गुरुवार की देर रात गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने फौरन छापेमारी कर बाहर जुआ खेल रहे आठ लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़े पैमाने पर जुआ खेल रहे हैं और भोले-भाले लोगों को ठगी और धोखाधड़ी का शिकार बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।छापामारी टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेलते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 35,520 रुपये नकद, सात मोबाइल फोन, 52 ताश के पत्ते और जुआ खेलने में प्रयुक्त एक दरी बरामद की है।
यह सारा सामान जब्त कर लिया गया है। इस मामले में कदमा थाना प्रभारी के बयान के आधार पर कदमा थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और बंगाल जुआ अधिनियम 1867 के तहत कार्रवाई कर दी है।गिरफ्तार आरोपियों में जमशेदपुर, सोनारी, कदमा, सरायकेला-खरसावां और उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से जुड़े लोग शामिल हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क और जुआ गतिविधियों की जांच में जुटी है।
यह कार्रवाई झारखंड में अवैध जुआ और सामाजिक अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्ती को दर्शाती है।
पकड़े गए ये जुआरी
पकड़े गए लोगों में सोनारी के ग्वाला बस्ती में बबलू के मकान में किराए पर रहने वाला गोरखपुर के बेलघाट थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव का राजन गुप्ता उर्फ राजन, सरायकेला जिले के डोबो का रहने वाला राजेश कुमार तुरहा, जमशेदपुर के कदमा भाटिया बस्ती का रहने वाला गोविंद कुमार शाह, सोनारी के पंचवटी नगर का रहने वाला दीपक कुमार उर्फ दीपू, कदमा भाटिया बस्ती का रहने वाला बंटी कुमार गुप्ता, सोनारी के पंचवटी नगर का रहने वाला लालचंद तुरहा, सोनारी के झाबरी बस्ती का रहने वाला सुखदेव सिंह और सोनारी के ही मरारपाड़ा का रहने वाला लखन कुमार ठाकुर उर्फ आजाद ठाकुर शामिल हैं।

