पलामू : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत छतरपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानी घाटी में गुरुवार की रात सड़क दुर्घटना में एक टायर दुकानदार की मौत हो गई। मृतक की पहचान विश्रामपुर थाना क्षेत्र निवासी स्वर्गीय गुलाम रसूल के पुत्र मकसूद अंसारी (55) के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, मकसूद अंसारी की छतरपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानी चपरबार गांव में टायर की दुकान थी। वह प्रतिदिन की तरह गुरुवार की रात करीब सात बजे दुकान बंद कर बाइक से अपने घर विश्रामपुर लौट रहे थे।
इसी दौरान सुल्तानी घाटी के पास एक बोलेरो कार से उसकी बाइक की टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसे इलाज के लिए छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी महेंद्र कुमार व विकास कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
Read Also-Jharkhand Aaj Ka Mausam : रांची से जमशेदपुर तक बदला मौसम, बारिश और वज्रपात का अलर्ट

