Ranchi : राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए ड्यूटी से घर लौट रहे एक होमगार्ड जवान से स्कूटी लूट ली। घटना रेलवे कॉलोनी टीओपी के पास हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। इस घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, होमगार्ड जवान गणेश राम अपनी ड्यूटी समाप्त कर सुबह घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने रास्ते में उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने चाकू दिखाकर उन्हें धमकाया और उनकी स्कूटी छीनकर फरार हो गए।
वारदात के बाद अपराधियों ने जवान की वर्दी और टोपी रास्ते में ही फेंक दी और मौके से भाग निकले। घटना से घबराए जवान ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। झारखंड में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं।

