चाईबासा : झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा वन क्षेत्र में दो दिन पहले आई तेज आंधी और तूफान ने भारी तबाही मचाई थी। गंगदा पंचायत के घाटकुरी गांव स्थित पपरीहातु टोला में ट्रांसफार्मर गिर गया था, जिससे बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
पोल समेत गिरा ट्रांसफार्मर, जलकर खाक
आंधी के दौरान गांव का बिजली ट्रांसफार्मर पोल सहित टूटकर जमीन पर गिर गया और जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके कारण टोले के दर्जनों परिवार पिछले दो दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
गर्मी में बेहाल हुए लोग, पेयजल संकट गहराया
दिन में गर्म हवाओं और रात में बिजली न होने से पंखे-कूलर बंद हैं। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं। बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। मोटर-पंप नहीं चलने के कारण ग्रामीणों को दूरस्थ जलस्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है।
पढ़ाई और सुरक्षा पर असर
विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हुई है। मोबाइल चार्ज नहीं होने और रात में रोशनी नहीं होने से ऑनलाइन पढ़ाई व परीक्षा की तैयारी रुक गई है। जंगल से सटे क्षेत्र में अंधेरा होने के कारण सांप, बिच्छू और जंगली जानवरों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीण रात में डर के साए में रहने को मजबूर हैं।
विभाग को दी गई सूचना, जल्द समाधान की मांग
पंचायत समिति के सदस्य रामेश्वर चाम्पिया ने बताया कि ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने की सूचना विद्युत विभाग को दे दी गई है। इसके साथ ही बीडीओ से भी शीघ्र हस्तक्षेप का अनुरोध किया गया है। ग्रामीणों ने विभाग से तुरंत नया ट्रांसफार्मर लगाने और बिजली बहाल करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल पूरा टोला अंधेरे में है और लोग प्रशासन से राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
Read Also- Khunti News : पेड़ पर लटकता मिला युवक का शव, पिता से विवाद के बाद घर से निकला था

