
Chaibasa : राज्य भर में 10 जून से 15 अक्टूबर तक जिले की सभी नदियाें से बालू उठाव पर एनजीटी की रोक है। लेकिन क्षेत्र में बालू खनन व परिवहन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार सुबह खनन टास्क फोर्स की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गोइलकेरा थाना अंतर्गत तुंडिका गांव के समीप छापेमारी कर अवैध रूप से बालू का उठाव कर परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टरों को पकड़ा। प्रशासन की इस औचक कार्रवाई से अवैध बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है। जब्त किए गए दोनों ट्रैक्टरों को आगे की नियमानुसार कानूनी कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज कर गोइलकेरा थाना परिसर में सुरक्षित रूप से सुपुर्द कर दिया गया है।
बता दें कि मॉनसून को लेकर एनजीटी का यह आदेश हर साल जिला प्रशासन को दिया जाता है। लेकिन जिला मुख्यालय से लेकर तांतनगर , मंझारी समेत विभिन्न प्रखंड क्षेत्र में लगातार नदियों से अवैध रूप से बालू का उठाव लगातार किया जा रहा है। यहां तक कि चाईबासा शहर में भी अवैध बालू से लदे ट्रैक्टरों का आवागमन दिन रात होता है, जिस पर टॉस्क फोर्स रोक लगा पाने में अक्षम साबित हो रही है। लोगों का कहना है कि पुलिस प्रशासन एवं खनन विभाग की टीम के निकलने के पहले ही बालू तस्करों को इसकी जानकारी मिल जाती है। इसके बाद वे नदी से ट्रैक्टर को हटवा लेते हैं। हालांकि टास्क फोर्स की टीम ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा, किसी भी हाल में अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

