
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर के रांसीपता मैदान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला साबिर ब्रदर्स और अंडर-20 बॉयज के बीच खेला गया। निर्धारित 20 मिनट के रोमांचक मुकाबले में दोनों ही टीमें गोल करने में सफल नहीं हो सकी। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें अंडर-20 बॉयज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. विजय सिंह गागराई उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलता है। खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ें और जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं, इसके लिए ऐसे आयोजनों को लगातार बढ़ावा दिया जाना चाहिए। विशिष्ट अतिथि संजीत बांकिरा एवं चंद्रशेखर मुंडा तथा सम्मानित अतिथि लखन हेंब्रम ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और दोनों टीमों के प्रदर्शन की सराहना की। समारोह में विजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को देखने के लिए मैदान में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।
मौके पर टोकलो ग्रामीण मंडल अध्यक्ष कांडे पाड़ेया, गोमिया गागराई, सुजीत हसदा, मुकुंद बानरा, केशव प्रधान, कुंवर सिंह बोदरा, हिंदू बोदरा, रासाय सामाद, सोमाय बोदरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
Read Also Chaibasa News : द्वारपारम स्कूल भवन की हालत जर्जर, छत से गिर रहा प्लास्टर, बच्चों में दहशत

