
रामगढ़ : रामगढ़ की युवती के लिए सोशल मीडिया पर अनजान युवक से दोस्ती करना बेहद खतरनाक साबित हुआ। इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती के बाद युवक ने युवती का अपहरण कर लिया। फिर उसके साथ बार-बार गलत काम किया। सूचना पाकर पुलिस ने पीड़िता को हजारीबाग के कोर्रा इलाके से छुड़ा लिया है और मुख्य आरोपी को जेल भेज दिया है।
सिनेमा दिखाने के बहाने बुलाया, फिर किया अगवा
पुलिस के मुताबिक रामगढ़ की रहने वाली इस लड़की की कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम पर हजारीबाग के रितिक सिंह नाम के लड़के से बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों फोन पर भी बातें करने लगे। 5 जुलाई को रितिक ने लड़की को फिल्म देखने के बहाने राजीव सिनेमा हॉल के पास बुलाया। जब लड़की वहां पहुंची तो आरोपी अपने दो दोस्तों के साथ कार से आया और उसे जबरन अपने साथ हजारीबाग ले गया।
कमरे में बंद कर किया टॉर्चर
रास्ते में अपने दोस्तों को उतारने के बाद रितिक लड़की को स्कूटी से एक किराए के कमरे पर ले गया। वहां उसने सबसे पहले लड़की का मोबाइल फोन छीन लिया ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके। पीड़िता का आरोप है कि उसे सात दिनों तक कमरे में कैद रखा गया। इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई, कई बार दुष्कर्म किया गया और विरोध करने पर जान से मारने की कोशिश भी की गई।
मकान मालिक के फोन से मिली मदद
12 जुलाई की रात पीड़िता ने किसी तरह मकान मालिक का फोन लिया और अपने घर वालों को पूरी बात बताई। घरवालों ने तुरंत रामगढ़ पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने हजारीबाग में छापेमारी कर लड़की को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी रितिक को दबोच लिया। पीड़िता की मेडिकल जांच कराने के साथ ही कोर्ट में बयान दर्ज कराया गया। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
Read Also: *Dhanbad Murder: मुगमा में वार्ड सदस्य के पति की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या*

