Palamu : पलामू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात राहुल सिंह गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार बदमाशों ने हैदरनगर थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण करा रही एक निजी कंपनी के कैंप और वर्कशॉप पर गोलीबारी कर दहशत फैलाने तथा रंगदारी वसूलने की साजिश रच रहे थे।
पुलिस ने उनके पास से दो पिस्तौल, कारतूस, मिसफायर गोलियां और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने रविवार को पुलिस सभागार में पत्रकारों को बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल सिंह गिरोह के शूटर डूअर्स कंस्ट्रक्शन कंपनी के वर्कशॉप पर रात में फायरिंग कर कंपनी प्रबंधन पर रंगदारी देने का दबाव बनाने की तैयारी में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांशु शुक्ला के नेतृत्व में हैदरनगर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई।
बदमाशों का पता लगाने के लिए गठित हुई थी एसआईटी
विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ठिकाने की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने चारों को मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान लातेहार जिले के रहने वाले विक्रांत सिंह उर्फ सिकराम सिंह, संतोष राम, मधुकांत प्रजापति और बिक्रम राम के रूप में हुई है। इनमें विक्रांत सिंह का आपराधिक इतिहास भी रहा है। तलाशी के दौरान अपराधियों के पास से एक काले रंग का बैग बरामद किया गया। बैग में दो 9 एमएम पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, छह मिसफायर गोलियां और एक खाली मैगजीन मिली। इसके अलावा चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनके माध्यम से वे गिरोह के सरगना के संपर्क में थे।
राहुल सिंह के कहने पर की थी फायरिंग
एसपी ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया है कि वे राहुल सिंह के निर्देश पर निर्माण कंपनी के वर्कशॉप पर गोलीबारी कर प्रबंधन को डराने और मोटी रकम की रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे थे। मामले में हैदरनगर थाना में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर चारों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, उसके नेटवर्क और आर्थिक सहयोग करने वालों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Read Also: Palamu Suicide : पांकी में फिजिकल टीचर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

