Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर शहर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। उलीडीह ओपी क्षेत्र के आदर्शनगर स्थित एक बंद मकान में चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। रविवार को पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। चोरों का पता लगाया जा रहा है। पीड़ित परिवार के मुताबिक आदर्शनगर स्थित उनका मकान अधिकांश समय बंद रहता है, क्योंकि परिवार साकची इलाके में निवास करता है।
पड़ोस में रहने वाली एक बच्ची ने फोन कर जानकारी दी कि उनके घर का वेंटिलेटर टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य तत्काल मौके पर पहुंचे।घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पूरे मकान का सामान बिखरा पड़ा हुआ था। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती जेवरात चुरा लिए थे।
इसके अलावा घर में रखा गैस सिलेंडर, एसी और अन्य कई जरूरी सामान भी गायब मिले।परिजनों ने बताया कि चोरी की इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद उलीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
Read also : Jamshedpur Murder: मानगो में भगिना से मिलने गए युवक की सिर पर धारदार हथियार से वार कर हत्या

