Koderma : कोडरमा जिला के झुमरीतिलैया के चित्रगुप्त नगर में रहने वाली एक मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट अभ्यर्थी की संदिग्ध मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान रुचि कुमारी (पिता संजय कुमार सिंह) के रूप में हुई है। स्वजनों के अनुसार रुचि मेडिकल प्रवेश परीक्षा (रि- नीट-2026) की तैयारी कर रही थी और हाल के दिनों में मानसिक तनाव से गुजर रही थी। जानकारी के अनुसार रुचि अपने माता-पिता के साथ झुमरीतिलैया के चित्रगुप्त नगर स्थित किराए के मकान में रहती थी। उसके पिता संजय कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर गांव के निवासी हैं और पेशे से एलआईसी एजेंट हैं।
रि-नीट की तैयारी कर रही थी छात्रा
परिवार के मुताबिक रुचि पढ़ाई में शुरू से ही काफी मेधावी थी और मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रही थी। इसी उद्देश्य से वह लगातार ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। स्वजनों ने बताया कि उसने नीट परीक्षा के लिए लंबे समय तक कड़ी मेहनत की थी और परीक्षा देने के बाद अच्छे परिणाम की उम्मीद कर रही थी। इसी बीच पेपर लीक, पुर्नपरीक्षा और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर सामने आई परिस्थितियों से वह काफी परेशान रहने लगी थी। परिवार का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी और वह तनाव में दिखाई दे रही थी। रविवार रात जब रुचि काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकली और भोजन के लिए भी नहीं आई, तब परिवार जनों को चिंता हुई। उसके पिता जब कमरे के पास पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला।
बचपन से ही पढ़ाई में थी अव्वल
काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार के लोगों ने अंदर प्रवेश किया, जहां रुचि अचेत अवस्था में मिली। घटना की सूचना तत्काल तिलैया थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सोमवार को बिहार के चितरपुर स्थित मुक्तिधाम में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। रुचि के पिता संजय कुमार सिंह ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रही थी और डॉक्टर बनने का सपना देख रही थी। उन्होंने कहा कि परिवार उसकी मानसिक स्थिति को बेहतर बनाने का लगातार प्रयास कर रहा था, लेकिन इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी रुचि को एक मेहनती और प्रतिभावान छात्रा बताते हुए घटना पर दुख व्यक्त किया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

