RANCHI: केंद्र सरकार ने झारखंड कैडर के 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी चंदन कुमार झा को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। उन्हे सीआईएसएफ में उप महानिरीक्षक (डीआईजी) के पद पर प्रतिनियुक्ति के आधार पर नियुक्त किया गया है। इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 1 जून को आदेश जारी कर उनकी नियुक्ति को मंजूरी प्रदान कर दी। बता दें कि चंदन कुमार झा राज्य पुलिस सेवा में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने बोकारो, चाईबासा और गुमला सहित कई जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे झारखंड पुलिस की अपराध अनुसंधान विभाग में डीआईजी के पद पर कार्यरत हैं।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के अवर सचिव संजीव कुमार द्वारा झारखंड के मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि सक्षम प्राधिकारी ने सीआईएसएफ में उपलब्ध रिक्त पद के विरुद्ध चंदन कुमार झा की डीआईजी के रूप में नियुक्ति को स्वीकृति प्रदान की है। यह नियुक्ति केंद्र सरकार की प्रतिनियुक्ति संबंधी निर्धारित नियमों एवं शर्तों के तहत प्रभावी होगी। केंद्र सरकार ने झारखंड सरकार से अनुरोध किया है कि चंदन कुमार झा को तत्काल प्रभाव से राज्य सेवाओं से कार्यमुक्त किया जाए।

