Jamshedpur : यात्रियों की बढ़ती संख्या और बेहतर यात्रा सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने टाटानगर–बक्सर–टाटानगर एक्सप्रेस में स्थायी रूप से एक अतिरिक्त कोच जोड़ने का फैसला किया है।
इस निर्णय से झारखंड और बिहार के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार ट्रेन संख्या 18183/18184 टाटानगर–बक्सर–टाटानगर एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त एलडब्ल्यूएससीजेड (द्वितीय श्रेणी सीटिंग) कोच जोड़ा जाएगा। अतिरिक्त कोच लगने के बाद ट्रेन की कुल कोच संख्या 20 से बढ़कर 21 हो जाएगी। नया कोच सामान्य श्रेणी के यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगा, जिससे सीटों की संख्या बढ़ेगी और भीड़भाड़ कम होगी।रेलवे अधिकारियों के मुताबिक संशोधित कोच संरचना ट्रेन संख्या 18183 टाटानगर–बक्सर एक्सप्रेस में 5 जून 2026 से टाटानगर से प्रस्थान करने वाली सेवा में लागू होगी।
वहीं, ट्रेन संख्या 18184 बक्सर–टाटानगर एक्सप्रेस में यह व्यवस्था 6 जून 2026 से बक्सर से चलने वाली सेवा में प्रभावी हो जाएगी।दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सह वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कमलेश ने बताया कि अतिरिक्त कोच जोड़े जाने से यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध होंगी और यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक बनेगी। रेलवे को उम्मीद है कि इस कदम से टाटानगर, चक्रधरपुर, पश्चिमी सिंहभूम समेत झारखंड और बिहार के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

