RANCHI: अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने रांची विश्वविद्यालय में स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों की नामांकन प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग को लेकर कुलपति को ज्ञापन सौंपा। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति से मुलाकात कर विद्यार्थियों की समस्याओं से अवगत कराया और अविलंब नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ करने का आग्रह किया। आजसू नेताओं ने कहा कि इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणाम प्रकाशित होने के बाद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा में प्रवेश का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि अब तक विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक नामांकन प्रक्रिया शुरू नहीं किए जाने के कारण विद्यार्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। संगठन का कहना है कि नामांकन में हो रही देरी का सीधा असर छात्रों के शैक्षणिक भविष्य पर पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए यूजी पाठ्यक्रमों की नामांकन प्रक्रिया जल्द प्रारंभ की जाए। साथ ही नामांकन से संबंधित दिशा-निर्देश, आवेदन प्रक्रिया और संभावित कार्यक्रम भी शीघ्र जारी किए जाएं, ताकि विद्यार्थी समय पर अपनी आगे की पढ़ाई शुरू कर सकें। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि समय पर नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से छात्रों को अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की तैयारी में भी सुविधा मिलेगी। कुलपति ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
आजसू के नेताओं ने कहा कि संगठन लगातार छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को उठाता रहा है और आगे भी विद्यार्थियों के अधिकारों व उनकी शैक्षणिक समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करता रहेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, प्रदेश सचिव रोशन नायक, राजेश सिंह, अमन साहू, सौरभ यादव, अब्दुल खान, राहुल, यश सोनी, पंकज, अभित कुमार, हिमांशु सिंह, शुरदीप, अमित और निशांत सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

