चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मेघाहातुबुरु स्थित सेल खदान में बुधवार सुबह धूलकण नियंत्रण की अव्यवस्था और सुरक्षा संसाधनों की कमी को लेकर कर्मियों ने काम बंद कर आंदोलन शुरू कर दिया। करीब सवा घंटे तक उत्पादन कार्य पूरी तरह ठप रहा। प्रबंधन के आश्वासन के बाद श्रमिकों ने आंदोलन समाप्त किया और काम पर लौट आए।
सुबह 6 बजे से शुरू हुआ विरोध
स्क्रीनिंग, क्रशिंग एवं लोडिंग विभाग के सेल कर्मियों और ठेका श्रमिकों ने बुधवार सुबह करीब 6 बजे एक साथ काम बंद कर दिया। श्रमिकों का आरोप था कि खदान क्षेत्र में धूलकण की मात्रा लगातार बढ़ रही है। नियमित पानी का छिड़काव नहीं हो रहा है और सुरक्षा संसाधन भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हैं। इससे कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है।
अधिकारी पहुंचे मौके पर
आंदोलन की सूचना मिलते ही महाप्रबंधक अरविंद बिन्हा, उप महाप्रबंधक दिलीप कुमार, सहायक महाप्रबंधक शशिभूषण, एमएन रूंडा सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने श्रमिक प्रतिनिधियों के साथ वार्ता की। इस दौरान श्रमिकों ने अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं और तुरंत समाधान की मांग की।
प्रबंधन ने दिया आश्वासन
प्रबंधन ने श्रमिकों को आश्वस्त किया कि खदान क्षेत्र में नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाएगा। धूलकण नियंत्रण के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही सुरक्षा संसाधनों की कमी को भी जल्द दूर किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि श्रमिकों की सभी समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई होगी।
7:15 बजे शुरू हुआ काम
अधिकारियों के आश्वासन के बाद सुबह 7:15 बजे श्रमिकों ने आंदोलन समाप्त कर दिया और पुनः काम शुरू कर दिया। इसके साथ ही खदान में उत्पादन कार्य सामान्य हो गया।
भविष्य के लिए रखी मांग
वार्ता के दौरान श्रमिकों ने यह भी मांग रखी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर प्रबंधन एक दिन पूर्व ही इसकी सूचना उपलब्ध कराए। इससे अनावश्यक विवाद और कार्य बाधित होने की स्थिति से बचा जा सकेगा। प्रबंधन ने इस पर विचार करने का भरोसा दिया है।
Read Also- Chaibasa News : नोवामुंडी में पेड़ काटने के दौरान हादसा, 30 वर्षीय युवक की मौत

