Home » MGM अस्पताल में नवजात की मौत पर परिजनों का हंगामा, इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

MGM अस्पताल में नवजात की मौत पर परिजनों का हंगामा, इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

मृतक नवजात के परिजनों का आरोप है कि बच्चे के लिए मां का दूध अस्पताल भेजा गया था, लेकिन उसे समय पर नहीं दिया गया। उनका कहना है कि दूध को यूं ही रखा रहने दिया गया।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल में एक नवजात बच्चे की मौत के बाद शुक्रवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।

जानकारी के अनुसार, परसुडीह निवासी सोनू सिंह की पत्नी ने 1 जून को एमजीएम अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया था। जन्म के समय नवजात का वजन करीब डेढ़ किलोग्राम था, जिसके कारण उसे विशेष देखभाल के लिए अस्पताल के एनआईसीयू (NICU) में भर्ती कराया गया था।

मृतक नवजात के परिजनों का आरोप है कि बच्चे के लिए मां का दूध अस्पताल भेजा गया था, लेकिन उसे समय पर नहीं दिया गया। उनका कहना है कि दूध को यूं ही रखा रहने दिया गया और इलाज में बरती गई लापरवाही के कारण बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हंगामा किया।

वहीं, एमजीएम अस्पताल प्रशासन ने परिजनों के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि नवजात गंभीर संक्रमण से पीड़ित था और उसकी हालत पहले से ही नाजुक थी। प्रशासन के अनुसार बच्चे की मौत संक्रमण के कारण हुई है, न कि किसी प्रकार की चिकित्सीय लापरवाही से।

फिलहाल, नवजात की मौत को लेकर अस्पताल प्रशासन और परिजनों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई है। मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन अपनी सफाई दे रहा है, जबकि परिजन निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Comment