RANCHI: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में हुए स्कूटी लूटकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटी गई स्कूटी, घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि 25 मई 2026 की रात करीब 2:30 बजे पंचवटी चौक के पास होमगार्ड गणेश राम अपनी स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन पर चाकू से हमला कर स्कूटी लूट ली थी। घटना के बाद अपराधियों ने उनकी वर्दी काली मंदिर के समीप फेंक दी थी। मामले में चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेदेव गंझू और अभिषेक मुंडा के रूप में हुई है। दोनों सोनाहातु थाना क्षेत्र के चौका टोली के रहने वाले हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लूटी गई स्कूटी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसका उपयोग कर रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।

