Home » Deoghar News: श्रावणी मेला की तैयारियां तेज, बस ऑनर्स एसोसिएशन के साथ डीटीओ ने ट्रैफिक व्यवस्था के लिए किया मंथन

Deoghar News: श्रावणी मेला की तैयारियां तेज, बस ऑनर्स एसोसिएशन के साथ डीटीओ ने ट्रैफिक व्यवस्था के लिए किया मंथन

एसोसिएशन ने विशेष रूप से देवघर-बासुकिनाथ मार्ग पर बिना वैध परमिट के संचालित हो रहे टेंपो और मैजिक वाहनों के परिचालन पर पूर्ण रोक लगाने की मांग की।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Deoghar: विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के सफल आयोजन और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) विजय कुमार की अध्यक्षता में बस ऑनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बस ऑनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। एसोसिएशन ने विशेष रूप से देवघर-बासुकिनाथ मार्ग पर बिना वैध परमिट के संचालित हो रहे टेंपो और मैजिक वाहनों के परिचालन पर पूर्ण रोक लगाने की मांग की। उनका कहना था कि अवैध वाहनों के कारण दुर्घटनाओं और ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ जाती है, जिससे बसों के संचालन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

प्रतिनिधियों ने श्रावणी मेले के दौरान क्लब ग्राउंड में अस्थायी बस पड़ाव बनाने का प्रस्ताव भी दिया। इसके साथ ही वहां श्रद्धालुओं और वाहन कर्मियों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था, रात्रि में पर्याप्त प्रकाश की सुविधा तथा सुरक्षा के लिए स्थायी पुलिस बल की तैनाती की मांग की गई।

यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारु बनाने के लिए बस ऑनर्स एसोसिएशन ने वन-वे ट्रैफिक सिस्टम लागू करने का सुझाव दिया। प्रस्ताव के अनुसार देवघर से बासुकिनाथ जाने वाली बसों को सारठ-पालोजोरी मार्ग से भेजा जाए, जबकि बासुकिनाथ से लौटने वाली बसों के लिए मुख्य मार्ग निर्धारित किया जाए। एसोसिएशन का मानना है कि इस व्यवस्था से ट्रैफिक दबाव कम होगा और कांवरियों सहित अन्य श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

डीटीओ विजय कुमार ने बैठक में आश्वस्त किया कि एसोसिएशन द्वारा दिए गए सभी सुझावों और मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जल्द ही आवश्यक प्रशासनिक निर्णय लिए जाएंगे।

बैठक में जिला परिवहन विभाग, ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों तथा बस ऑनर्स एसोसिएशन के कई वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

Read also – Deoghar News : देवघर में आसमान से गिरा पैराशूट जैसा गुब्बारा, देखने के लिए जुट गई भीड़

Related Articles

Leave a Comment