Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर स्थित परसुडीह थाना क्षेत्र के पुरानी सरजामदा में एक प्रेमी जोड़े को लेकर ग्रामसभा का फैसला विवादों में घिर गया है। आरोप है कि ग्रामसभा ने युवक और युवती की इच्छा के विरुद्ध जबरन शादी करा दी। मामले में उस समय तनाव बढ़ गया जब पुलिस दोनों को थाने ले जाने पहुंची और ग्रामीणों ने विरोध करते हुए पुलिस वाहन को घेर लिया। मंगलवार को पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि पुरानी सरजामदा निवासी संजीद बारी और उसी बस्ती की रहने वाली सोनिया करुआ सोमवार को साथ घूमने निकले थे। इसी दौरान युवती के भाई ने दोनों को एक साथ देख लिया। इसके बाद परिजनों ने गांव के माझी बाबा और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद ग्रामसभा की बैठक बुलाई गई।
आरोप है कि बैठक के दौरान दोनों की शादी करा दी गई और युवती को युवक के घर में रहने के लिए दबाव बनाया गया। युवक संजीद बारी का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जबरन युवती की मांग में सिंदूर भरवाया गया।
सूचना मिलने पर परसुडीह पुलिस गांव पहुंची, लेकिन ग्रामीणों और माझी बाबा ने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस हुई तथा धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी बन गई। जब पुलिस युवक और युवती को अपने साथ थाने ले जाने लगी तो ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को घेर लिया। कुछ युवक वाहन के बोनट पर बैठ गए और रास्ता अवरुद्ध कर दिया। स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब भीड़ ने दोनों को पुलिस वाहन से उतार लिया और अपने साथ ले गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी सुमित कुमार अग्रवाल अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परसुडीह और सुंदरनगर थाना पुलिस की मदद से हालात को नियंत्रित किया गया। पुलिस युवक-युवती समेत पुलिस के साथ कथित दुर्व्यवहार करने वाले कुछ महिला और पुरुषों को पूछताछ के लिए थाने ले गई है।
इधर युवती सोनिया करुआ का कहना है कि वह संजीद बारी से प्रेम करती है और पिछले चार महीनों से दोनों के बीच बातचीत हो रही थी। उसने ग्रामसभा द्वारा कराई गई शादी को स्वीकार करते हुए युवक के साथ रहने की इच्छा जताई है। वहीं युवक ने प्रेम संबंध से इनकार करते हुए कहा कि दोनों केवल दोस्त हैं और गांव के लोगों ने उसके साथ मारपीट कर जबरन शादी करवा दी।
फिलहाल परसुडीह पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी

