Jamshedpur : अंतरराष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस के अवसर पर टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम द्वारा रेलवे क्रॉसिंग पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों को सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक, हैंडबिल वितरण और जनसंपर्क के माध्यम से राहगीरों को रेलवे फाटक पार करने के नियमों की जानकारी दी गई।
अभियान की शुरुआत शहर के सबसे संवेदनशील और दुर्घटना संभावित रेलवे क्रॉसिंग क्षेत्रों जुगसलाई और सुंदरनगर फाटक से की गई। सिविल डिफेंस टीम ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को बताया कि रेलवे फाटक पार करते समय लापरवाही किस तरह गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। साथ ही रेलवे अधिनियम के तहत नियमों के उल्लंघन पर मिलने वाली सजा और दंड की जानकारी भी दी गई।
जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि रेलवे क्रॉसिंग पार करने से पहले दोनों ओर देखना, सिग्नल पर ध्यान देना और ट्रेन की सीटी सुनकर सुनिश्चित करना जरूरी है कि कोई ट्रेन नहीं आ रही है। फाटक बंद होने की स्थिति में उसके नीचे या ऊपर से निकलने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। लोगों से रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) और रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की गई।
सिविल डिफेंस टीम ने जुगसलाई स्थित पूर्व रेलवे क्रॉसिंग रोड ओवर ब्रिज, परसुडीह, करनडीह और सुंदरनगर रेलवे फाटकों पर भी लोगों को जागरूक किया। अभियान में सहायक प्रशिक्षक कल्याण कुमार साहू, डेमोंस्ट्रेटर गीता कुमारी, डी. आनंद राव, वीरेंद्र कुमार, अनामिका मंडल, विनोद कुमार, रमेश कुमार, संजय कुमार, दीपक कुमार, सरस्वती मुर्मू और अमित कुमार सहित कई सदस्य शामिल रहे।
यह कार्यक्रम चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गरियान मृणाल के निर्देश पर आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य रेलवे क्रॉसिंग पर होने वाली दुर्घटनाओं को शून्य स्तर तक लाना है।
सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि रेलवे लाइनें देश और राज्य के विकास की आधारशिला हैं। इन्हें दुर्घटनाओं और आत्महत्या जैसी घटनाओं का केंद्र नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंने लोगों से रेलवे फाटक पार करने के नियमों का पालन करने, शॉर्टकट के लिए रेलवे ट्रैक पार नहीं करने तथा रोड ओवर ब्रिज और रोड अंडर ब्रिज का ही उपयोग करने की अपील की।

