
Jamshedpur : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोयला लदे चार वाहनों को जब्त किया है। उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन विभाग और कांड्रा थाना की संयुक्त टीम ने पदमपुर टोल प्लाजा में औचक वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान वाहन संख्या JH05AU6616, JH05DE1017, JH05DN1016 और JH05DE6826 में कोयला परिवहन किया जा रहा था। हालांकि वाहन चालकों द्वारा खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। आवश्यक कागजातों के अभाव में सभी वाहनों को जब्त कर कांड्रा थाना में सुरक्षित रखा गया है।
खनन विभाग ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अवैध खनिज परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन, भंडारण या परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना प्रशासन को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

