Home » Jamshedpur Muharram: मुहर्रम पर भ्रामक संदेश साझा किया तो होगी कार्रवाई

Jamshedpur Muharram: मुहर्रम पर भ्रामक संदेश साझा किया तो होगी कार्रवाई

सिदगोड़ा में केंद्रीय शांति समिति की बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन ने कसी कमर

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : मुहर्रम के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने की।

बैठक में केंद्रीय शांति समिति के सदस्य, विभिन्न अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान मुहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं समेत सभी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई।

शांति समिति के सदस्यों और अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों ने स्थानीय स्तर की समस्याओं और सुझावों से प्रशासन को अवगत कराया। उपायुक्त और एसएसपी ने संबंधित विभागों को सभी सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि सभी विभाग समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें और पर्व के दौरान लगातार निगरानी बनाए रखें। उन्होंने जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने कहा कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक संदेश साझा नहीं करने तथा किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास नहीं करने की अपील की।

उपायुक्त ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की समृद्ध परंपरा वाला जिला है, जहां सभी समुदायों के सहयोग से पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होते रहे हैं। प्रशासन की प्राथमिकता नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना है।

बैठक में अपर उपायुक्त, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर निकायों के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और केंद्रीय शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Read also – Kolhan University: कोल्हान विश्वविद्यालय में पोर्टल खुलते ही ऑनलाइन आवेदनों की भरमार, 8000 से अधिक विद्यार्थियों ने भरे आवेदन

Related Articles

Leave a Comment