
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी चौक के पास शनिवार की सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला है। लोग आशंका जाता रहे हैं कि किसी ने युवक की हत्या कर उसका शव पेड़ से लटका दिया है। ताकि इसे आत्महत्या की सूरत दी जा सके। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चल सकेगा कि घटना कैसे हुई।
युवक की हत्या कर किसी ने शव पेड़ से लटका दिया या फिर यह आत्महत्या है। वैसे इलाके में चर्चा है कि युवक की हत्या की गई है। बताते हैं कि जिस युवक का शव मिला है उसका नाम रवि बेहरा है। वह बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के पाटपर गांव का रहने वाला था। परिवार के लोगों ने बताया कि शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद रवि बेहरा अपने कमरे में सोने चला गया था। रात को वह कब घर से बाहर निकल गया। किसी को पता नहीं चला। सुबह लोगों को सूचना मिली कि पीडब्ल्यूडी चौक के पास शव लटक रहा है। इसके बाद परिजन जब वहां पहुंचे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। शव रवि बेहरा का ही था। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। परिजनों से भी पूछताछ की गई है। थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा का कहना है कि जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

