
धनबाद : तेतुलमारी में शुक्रवार की आधी रात कुछ ऐसी घटना घटी कि सोते हुए लोग खौफ से कांप उठे। पांडेयडीह गुलगुलिया धौड़ा के पास अचानक जोरदार आवाज हुई और जमीन धंस गई। आवाज सुन लोग डर गए। वे हड़बड़ाकर बिस्तरों से उठ बैठे। बाहर आकर देखा तो जमीन फट चुकी थी और उसका एक बड़ा हिस्सा अंदर धंस चुका था।
इस मंजर को देखकर पूरे इलाके में दहशत छा गया। लोगों के मन में यह डर बैठ गया है कि कहीं उनका घर भी दफन न हो जाए। आनन-फानन में लोग अपने बच्चों और जरूरी सामान को समेटकर घरों से बाहर की ओर निकलने लगे। कोयले के अंधाधुंध और गलत खनन की वजह से यहां की जमीन अंदर से बिल्कुल खोखली हो चुकी है, जिससे हर पल जान जाने का खतरा बना रहता है।
गुस्से और डर से सड़क पर उतरे ग्रामीण
हादसे के बाद डरे-सहमे ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सुरक्षा की गुहार लगाते हुए सैकड़ों लोग रात में ही पांडेयडीह-सिजुआ मुख्य सड़क पर उतर आए और इसे जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों ने अपना दुख बयां करते हुए कहा- हम रात में चैन से सो भी नहीं सकते। कब जमीन फट जाए और हम अंदर समा जाएं, कुछ नहीं पता। अब तो पूरी रात जागकर पहरा देना पड़ेगा।
तनाव और दहशत के माहौल को देखते हुए कतरास, तेतुलमारी, अंगारपथरा और रामकनाली थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने किसी डरे – सहमे एवं आक्रोशित ग्रामीणों को समझाया। सुरक्षा का भरोसा दिया। तब जाकर रास्ता साफ हो सका। घटना के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है और लोग खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं।

