
धनबाद : जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के गोविंदपुर क्षेत्र में केबल चोरी रोकने का प्रयास करने पर चोरों ने एक पंप खलासी को गोली मार दी। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घायल कर्मचारी को तत्काल इलाज के लिए सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
केबल चोरी रोकने पर अपराधियों ने चलाई गोली
गुरुवार रात बीसीसीएल के गोविंदपुर क्षेत्र में तैनात पंप खलासी रविदास सबमर्सिबल पंप की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां केबल चोरी करने पहुंचे। जब रविदास ने चोरी का विरोध किया और शोर मचाकर केबल ले जाने से रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। इसी दौरान चोरों ने उनके पैर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली लगने से रविदास गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
सेंट्रल अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना की सूचना मिलते ही बीसीसीएल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। घायल कर्मचारी को सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, रविदास की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं।
एसएसपी ने खुद संभाली जांच, दो आरोपी गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है।
बीसीसीएल प्रबंधन ने मांगी पूरी रिपोर्ट
घटना पर बीसीसीएल के सीएमडी एमके अग्रवाल ने चिंता जताई है और अधिकारियों से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि घायल कर्मचारी का बयान दर्ज किया जा रहा है। उनके बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read Also- Barhi Theft News : हजारीबाग में छत काटकर चोरी की वारदात, तीन दुकानों से हजारों की संपत्ति पर हाथ साफ

