Home » Deoghar Fire News : देवघर में शॉर्ट सर्किट से दो दुकानों में भीषण आग, 30 लाख रुपये का सामान जलकर राख

Deoghar Fire News : देवघर में शॉर्ट सर्किट से दो दुकानों में भीषण आग, 30 लाख रुपये का सामान जलकर राख

उषा ट्रेडर्स और शिव शक्ति स्टोर नामक दो दुकानों में आग लगी। दोनों दुकानें एक-दूसरे से सटी हुई थीं, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते दोनों प्रतिष्ठान उसकी चपेट में आ गए।

by Rakesh Pandey
Deoghar Fire News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

देवघर : झारखंड के देवघर जिले में रविवार तड़के एक बड़ी अग्निकांड की घटना सामने आई। कुंडा थाना क्षेत्र के करनीबाग मोहल्ला स्थित कुंडा मोड़ के पास दो सटी हुई दुकानों में अचानक आग लग गई, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि इस हादसे में करीब 30 लाख रुपये के सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

आग उषा ट्रेडर्स और शिव शक्ति स्टोर नामक दो दुकानों में लगी। दोनों दुकानें एक-दूसरे से सटी हुई थीं, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते दोनों प्रतिष्ठान उसकी चपेट में आ गए।

सुबह 4:30 बजे लगी आग, धुआं उठता देख लोगों ने दी सूचना

स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 4:30 बजे दुकानों से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद आसपास के लोगों ने तत्काल दोनों दुकानदारों को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग काफी तेजी से फैल रही थी और दुकान के अंदर रखा अधिकांश सामान कुछ ही देर में जलने लगा।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की ओर से अभी आधिकारिक जांच की जा रही है। आग की वजह से दुकानों में रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान, दैनिक उपयोग की वस्तुएं और अन्य व्यापारिक सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई। दुकानदारों का कहना है कि आग से उन्हें भारी आर्थिक क्षति पहुंची है और वर्षों की मेहनत से खड़ा किया गया कारोबार कुछ ही घंटों में तबाह हो गया।

देर से पहुंची दमकल की गाड़ी, कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू

स्थानीय लोगों ने बताया कि सूचना देने के बाद दमकल की गाड़ी कुछ देर से मौके पर पहुंची। हालांकि, अग्निशमन विभाग की टीम ने पहुंचते ही आग बुझाने का अभियान शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास की अन्य दुकानें और मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

प्रशासन कर रहा नुकसान का आकलन

प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें अब नुकसान का आकलन करने में जुटी हैं। दुकानदारों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है। वहीं, स्थानीय प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Read Also- Jamshedpur News: बिष्टुपुर में एक पब एंड बार में देर रात चाकूबाजी में आदित्यपुर के दो युवक घायल

Related Articles

Leave a Comment