
Jamshedpur : जमशेदपुर के परसूडीह थाना क्षेत्र के सालगाझड़ी फाटक के पास एक विवाहिता ने शनिवार को देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर परसूडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विवाहिता का नाम सोनी देवी है। उसके पति देव कुमार शर्मा हैं। सोनी देवी की शादी साल 2013 में हुई थी। ससुराल के लोगों का कहना है कि सोनी देवी की तबीयत खराब चल रही थी। इसी को लेकर शायद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। लेकिन ससुराल के लोग कई सवालों का जवाब देने से कतराते रहे। सोनी देवी के परिवार में उसके पति के अलावा तीन बच्चे हैं। दो बेटा और एक बेटी है।
घटना की जानकारी मिलने पर सोनी देवी का भाई बबलू कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंचा। उसने बताया कि उसकी बहन स्वस्थ थी। उसे किसी भी तरह की बीमारी नहीं थी। उसका कोई इलाज नहीं चल रहा था। उसने बताया कि शनिवार की रात उसके बहनोई ने फोन किया और बताया कि उसकी बहन ने फांसी लगा ली है। इसके बाद वह लोग आए। बबलू कुमार शर्मा का कहना है कि ससुराल में अक्सर विवाद होता रहता था। सोनी देवी की मौत कैसे हुई यह उसे नहीं मालूम। लेकिन, पूरी घटना पर उसे शक है।पुलिस का कहना है कि परिवार वाले जो आवेदन दे दे देंगे उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। ससुराल के लोग शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

