
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगमहरिया थाना क्षेत्र के निजामरूड्या गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ पारिवारिक कलह से तंग आकर 25 वर्षीय विवाहिता उमा गोप ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को किसी घरेलू बात को लेकर उमा गोप का अपने परिजनों के साथ गहरा विवाद हो गया था। विवाद के बाद वह काफी गुस्से और मानसिक तनाव में थी। इसी आक्रोश और गुस्से में आकर सोमवार की रात उसने खौफनाक कदम उठाया। उमा ने अपने ही घर के घारण (छत के शहतीर) में फांसी का फंदा बांधा और उस पर झूल गई, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
मंगलवार की सुबह जब परिजनों ने उमा के शव को फंदे से लटकता देखा, तो उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय हाटगमहरिया थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और अपने कब्जे में ले लिया।इसके बाद मंगलवार दोपहर बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा स्थित सदर अस्पताल भेजा। मृतिका के परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में स्वीकार किया है कि घरेलू विवाद के कारण उपजे गुस्से में आकर ही उमा ने यह आत्मघाती कदम उठाया है।
फिलहाल पुलिस ने अप्राकृतिक मौत (यूडी) का मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि मौत के सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सके। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू विवादों के कारण असमय खत्म हो रही जिंदगियों पर गहरा दुख और चिंता पैदा कर दी है।

