Home » Chaibasa News : चाईबासा में सांप काटने से 7 साल की बच्ची की मौत, घर में जमीन पर सो रही थी बच्ची

Chaibasa News : चाईबासा में सांप काटने से 7 साल की बच्ची की मौत, घर में जमीन पर सो रही थी बच्ची

सांप काटने पर झाड़-फूंक के चक्कर में समय बर्बाद न करें और मरीज को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाएं- स्वास्थ्य विभाग

by Rajeshwar Pandey
Gumla Snake Bite
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़ा जयपुर गांव निवासी विक्रम देवगम की 7 साल की बेटी सुष्मिता देवगम की सांप के काटने से मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार रात कि रात भीषण गर्मी के कारण सुष्मिता अपनी बड़ी बहन के साथ घर के फर्श (जमीन) पर सोई हुई थी। रात करीब दो बजे एक जहरीला सांप अचानक घर के भीतर रेंगते हुए घुसा और जमीन पर सो रही सुष्मिता के पैर में डस लिया। सांप के काटते ही बच्ची दर्द के मारे जोर से चीख पड़ी।

कुछ देर में ही जहर पूरे शरीर में फैल गया

सुष्मिता की आवाज सुनकर पास सो रही उसकी बड़ी बहन की आंख खुल गई। उसने एक जहरीले सांप को तेजी से घर से बाहर की तरफ भागते हुए देखा। परिजन जब तक कुछ समझ पाते और इलाज की व्यवस्था करते, तब तक जहर पूरे शरीर में फैल चुका था। कुछ ही देर में बच्ची की तबीयत इतनी बिगड़ गई कि उसने दम तोड़ दिया।

सुबह दी गई पुलिस को सूचना

सुबह होते ही परिजनों ने इसकी जानकारी मुफस्सिल थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। इस अचानक हुई घटना से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्वास्थ्य विभाग की जरूरी अपील

मानसून और बरसात के मौसम में ग्रामीण इलाकों में सांप निकलने की घटनाएं काफी बढ़ जाती हैं। इस हादसे के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। डॉक्टरों का कहना है कि रात के समय जमीन पर सोने से पूरी तरह बचें, सोते समय हमेशा मच्छरदानी का इस्तेमाल करें और घर के आसपास झाड़ियों व कचरे को साफ रखें। सबसे जरूरी बात हैं कि सांप काटने पर झाड़-फूंक के चक्कर में समय बर्बाद न करें और मरीज को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाएं ताकि समय पर एंटी-वेनम (एंटी-स्नेक वेनम) देकर जान बचाई जा सके।

Related Articles

Leave a Comment