
जमशेदपुर : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय जमशेदपुर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल साकची गोलचक्कर (Sakchi Golchakkar) के पास गुरुवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। साकची थाना क्षेत्र में देर रात करीब दो बजे एक तेज रफ्तार लोडेड ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित प्रसिद्ध सोनी सेंटर शोरूम में जा घुसा। ट्रक ने पहले शोरूम का शटर और सामने का हिस्सा तोड़ा, जिसके बाद वह दुकान के अंदर तक पहुंच गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित हुआ ट्रक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक का ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद ट्रक सीधे सड़क किनारे स्थित शोरूम से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शोरूम का शटर, बोर्ड और सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
Sakchi Golchakkar : देर रात होने से टली बड़ी जनहानि
यह हादसा रात करीब दो बजे हुआ, जब शोरूम पूरी तरह बंद था और सड़क पर लोगों की आवाजाही भी बेहद कम थी। इसी कारण किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। यदि यह दुर्घटना दिन के समय होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
Sakchi Golchakkar : शोरूम को भारी नुकसान
हादसे में शोरूम के सामने का हिस्सा, शटर और साइन बोर्ड को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। क्षति का वास्तविक आकलन किया जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को हटाने की प्रक्रिया शुरू कराई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर ब्रेक फेल होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।
Read Also- BAMS विवाद : CGIT कोर्ट नहीं पहुंचा सेल प्रबंधन, अब 6 अगस्त को होगी सुनवाई

