
रांची : झारखंड की राजधानी रांची के सबसे सुरक्षित और वीआईपी इलाकों में गिने जाने वाले अशोक नगर में बुधवार की देर रात चोरी की दो घटनाओं से हड़कंप मच गया। एक ओर चोरों ने एक कारोबारी के घर से लाखों रुपये के गहने चोरी कर लिए, वहीं दूसरे घर में चोरी की कोशिश के दौरान एक बॉडीगार्ड अपनी ही AK-47 राइफल से फायर हाने से घायल हो गया। घायल सुरक्षाकर्मी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।
चोर पकड़ने की कोशिश में चली AK-47 से गोली
पुलिस के अनुसार, देर रात करीब दो बजे एनके कंस्ट्रक्शन के संचालक निशित केसरी के आवास पर संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली। इसके बाद वहां तैनात बॉडीगार्ड अपनी AK-47 राइफल लेकर बाहर निकला। इसी दौरान गेट के पास अचानक राइफल से गोली चल गई, जो बॉडीगार्ड को ही लग गई। घायल अवस्था में उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जांच में यह मामला गलती से फायर हो जाने का बताया जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
दूसरे कारोबारी के घर से लाखों के गहने चोरी
इसी रात अशोक नगर स्थित कारोबारी अखिलेश पांडेय के घर में नकाबपोश चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, चोर पाइप के सहारे घर में दाखिल हुए और वहां रखे कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और स्थानीय थाना की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोरों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। हालांकि उनकी गतिविधियां घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने क्या कहा
हटिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज ने बताया कि एक घर में चोरी की घटना हुई है, जबकि दूसरे घर में चोरी का प्रयास विफल रहा। इसी दौरान बॉडीगार्ड की AK-47 से फायर हुआ, जिसमें वह घायल हो गया। वहीं, सिटी पुलिस अधीक्षक पारस राणा ने बताया कि बॉडीगार्ड के घायल होने की घटना की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में भी राइफल से गोली चलने की घटना दिखाई दे रही है। पुलिस चोरी और गोली चलने के मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।

