
- पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश
रांची : ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी राज्यों के साथ वीबी-जी राम जी मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक की गई। केंद्रीय सचिव रोहित कंसल की अध्यक्षता में हुई
बैठक में मिशन के देशव्यापी रोलआउट की प्रगति, राज्यों में चल रही तैयारियों तथा आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की गई।
बैठक में 16 जुलाई को वाराणसी में होने वाले राष्ट्रीय पंच सम्मेलन की तैयारियों पर विशेष चर्चा हुई। मंत्रालय ने राज्यों को पंचायत प्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि मिशन के उद्देश्यों और इसके प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी पंचायत स्तर तक पहुंचाई जा सके।
झारखंड के अधिकारियों ने दी तैयारी की जानकारी
झारखंड की ओर से आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में ग्रामीण विकास सचिव मनोज कुमार, मनरेगा आयुक्त मृत्युंजय कुमार बरनवाल तथा विभाग के अन्य वरीय अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने राज्य में वीबीज्ञजी राम जी मिशन के क्रियान्वयन की तैयारियों, पंचायत स्तर पर की जा रही गतिविधियों और आगामी पंच सम्मेलन की तैयारियों की जानकारी केंद्र सरकार को दी।
बैठक में रोजगार सृजन, ग्रामीण आधारभूत संरचना के विकास, पंचायतों की भूमिका को सशक्त बनाने तथा मिशन के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को आपसी समन्वय के साथ मिशन को धरातल पर सफलतापूर्वक लागू करने के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।

