Home » Jamshedpur Cyber Crime: लिंक पर क्लिक करते ही खाते से गायब हो गए 3 लाख, दो साइबर ठग गिरफ्तार, जानिए अपराधियों तक कैसे पहुंची पुलिस

Jamshedpur Cyber Crime: लिंक पर क्लिक करते ही खाते से गायब हो गए 3 लाख, दो साइबर ठग गिरफ्तार, जानिए अपराधियों तक कैसे पहुंची पुलिस

जमशेदपुर पुलिस ने दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक अन्य आरोपी की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी तलाश जारी है।

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पूर्वी सिंहभूम : मोबाइल पर संदिग्ध लिंक आया। इस पर क्लिक करते ही बैंक खाते से लगभग तीन लाख रुपये निकाल लिए गए। मामले में पुलिस ने दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक अन्य आरोपित की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी तलाश जारी है। शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर पूर्वी सिंहभूम जिले के सिटी एसपी ललित मीणा ने पूरे मामले की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि डुमरिया थाना पुलिस ने मोबाइल लिंक भेजकर की गई साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने उनके पास से साइबर अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित कई अहम दस्तावेज जब्त किए हैं।

सिटी एसपी ने बताया कि साइबर क्राइम पोर्टल के प्रतिबिंब और के माध्यम से डुमरिया थाना को शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसके मोबाइल पर एक संदिग्ध लिंक भेजा गया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद साइबर अपराधियों ने उसके बैंक खाते से लगभग तीन लाख रुपये निकाल लिए।

डिजिटल ट्रेल के आधार पर पकड़े गए अपराधी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक मुसाबनी रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रेल के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और विकास बारिक तथा अजय कुमार नायक उर्फ सोनू नायक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने साइबर ठगी में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली।

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि इस पूरे नेटवर्क में घाटशिला निवासी कृष्ण ओझा की भी भूमिका रही है। पुलिस ने उसके खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की मिलीं जानकारियां

मोबाइल फोन की जांच में संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिली हैं, जिनके आधार पर पुलिस पूरे गिरोह की गतिविधियों की जांच कर रही है।

पुलिस ने विकास बारिक, अजय कुमार नायक उर्फ सोनू नायक और कृष्ण ओझा के विरुद्ध साइबर ठगी से संबंधित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक जांच अभी जारी है और इस साइबर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक मुसाबनी रोहित कुमार रजवार, डुमरिया थाना प्रभारी पंचम लिंगा, नीर तिर्की, प्रदीप खलखो, मनोज पुस्टी, सुरेंद्र पुस्टी, योगेश्वर सरदार और महबूब असारी शामिल थे।

Read Also: Giridih Cyber Crime: गिरिडीह में पांच साइबर ठग गिरफ्तार; बाइक व मोबाइल जब्त, नेटवर्क का पता लगा रही पुलिस 

 

Related Articles

Leave a Comment