
jamshedpur : टाटा वर्कर्स यूनियन की आमदनी में लगातार कमी होती जा रही है लेकिन उसके कोष में लगातार वृद्धि हो रही है। शुक्रवार को यूनियन की फायनेंस कमेटी की हुई बैठक में पेश किए गए एकाउंट से प्रकाश में आया है। यूनियन के कोषाध्यक्ष आमोद दुबे ने फरवरी, मार्च, अप्रैल और मई माह का एकाउंट पेश किया। फरवरी में यूनियन का कोष 44 करोड़ 11 लाख 51 हजार 900 रूपये था जो मई तक 1 करोड़ 77 लाख 98 हजार 310 रुपए की वृद्धि दर्ज करते हुए 45 करोड़ 89 लाख 50 हजार 210 रुपए पहुंच गई। लेकिन सदस्यता शुल्क और माइकल जॉन प्रेक्षागृह से होनेवाली आय में लगातार आ रही कमी पर चिंता जताई गई। सदस्यता शुल्क के रूप में छह माह पूर्व तक प्रतिमाह करीब 8 लाख रूपये प्राप्त होते थे जो मई तक तक घटकर करीब 7 लाख 45 हजार रुपए तक पहुंच गया है। माइकल जॉन प्रेक्षागृह के रखरखाव और स्टाफ खर्च बढ़ा है जबकि इसकी आमदनी में कमी हो रही है। इसको देखते हुए कुछ सदस्यों ने सदस्यता शुल्क में वृद्धि करने का प्रस्ताव दिया जबकि कुछ सदस्यों ने वेज रिवीजन समझौते से पहले से ही कर्मचारियों की बढ़ी नाराजगी को देखते हुए सदस्यता शुल्क को यथावत रखने का प्रस्ताव दिया। बैठक में इसके अलावा अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बैठक में महासचिव सतीश कुमार सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष आमोद दुबे, उपाध्यक्ष शाहनवाज आलम, राजीव कुमार चौधरी, संजीव तिवारी, संजय सिंह, सहायक सचिव श्याम बाबू, नितेश राज, अजय चौधरी आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

