
Ranchi : झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (जेसीईसीईबी) की ओर से आयोजित होने वाली पॉलीटेक्निक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत रांची के 11 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया है।
यह आदेश 12 जुलाई 2026 को सुबह 7:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक प्रभावी रहेगा। परीक्षा का आयोजन सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने बताया कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के संयुक्त आदेश से सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
प्रशासन को आशंका है कि परीक्षार्थियों के अभिभावक अथवा असामाजिक तत्व परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ लगाकर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश कर सकते हैं। इसी को देखते हुए प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किया गया है।
निषेधाज्ञा के दौरान इन गतिविधियों पर रहेगी रोक
* पांच या उससे अधिक लोगों के एक स्थान पर एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। (सरकारी कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारी और शवयात्रा को छूट रहेगी।)
* किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग की अनुमति नहीं होगी।
* हथियार, आग्नेयास्त्र, बम, बारूद आदि लेकर चलने पर रोक रहेगी। (सरकारी ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को छोड़कर।)
* लाठी, डंडा, तीर-धनुष, भाला, गड़ासा जैसे पारंपरिक हथियार लेकर चलने की भी अनुमति नहीं होगी।
* किसी भी प्रकार की सभा, बैठक या प्रदर्शन आयोजित नहीं किया जा सकेगा।
इन 11 परीक्षा केंद्रों पर लागू रहेगी निषेधाज्ञा
* विवेकानंद विद्या मंदिर, सेक्टर-2, धुर्वा
* सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, धुर्वा
* मनन विद्या, डुमरदगा (जुमर ब्रिज के पास)
* सेंट एनीज़ इंटरमीडिएट कॉलेज, पुरुलिया रोड
* सेंट जॉन्स हाई स्कूल, करबला टैंक रोड
* सेंट पॉल कॉलेज, चर्च रोड
* सेंट एनीज़ गर्ल्स हाई स्कूल, पुरुलिया रोड
* छोटानागपुर पब्लिक स्कूल, बूटी रोड
* सेंट मार्गरेट गर्ल्स हाई स्कूल, चर्च रोड
* उर्सुलिन इंटर कॉलेज, डॉ. कैमल बुलके पथ
* सेंट पॉल हाई स्कूल, चर्च रोड
जिला प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से परीक्षा के दौरान प्रशासन का सहयोग करने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने की अपील की है।
Read also – Tata Steel News: नीदरलैंड में टाटा स्टील पर पर्यावरण उल्लंघन का मुकदमा, कंपनी ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

