
चाईबासा : चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के तत्वावधान में रविवार को खिरवाल बैंक्वेट हॉल में एक विशाल रक्तदान सह नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। समाजसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता को समर्पित यह शिविर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चला, जिसमें स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई। रक्तदान शिविर में 105 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। जबकि 287 लोगों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श दिया गया।
मुख्य अतिथि ने किया उद्घाटन
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्य के मंत्री दीपक बिरुवा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस गरिमामयी अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार, चेंबर के चेयरमैन नितिन प्रकाश, एसडीपीओ बहामन टुटी, डीएसपी (अभियान) पूजा कुमारी, नगर पार्षद उपाध्यक्ष विकास शर्मा और थाना प्रभारी हरिलाल महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। चेंबर के अध्यक्ष संजय चौबे, मधुसूदन अग्रवाल और दुर्गेश खत्री सहित कई पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
चेंबर को मिलेगी जमीन: मंत्री
अपने संबोधन में मंत्री दीपक बिरुवा ने चेंबर ऑफ कॉमर्स के सामाजिक सरोकारों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि चेंबर व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ जनहित के कार्यों में भी हमेशा अग्रिम भूमिका निभाता है। मंच से एक बड़ी घोषणा करते हुए मंत्री ने आश्वासन दिया कि चेंबर को उसकी सामाजिक और व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन के लिए जल्द ही जमीन आवंटित की जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस जमीन के मिलने से चेंबर को भविष्य में और बड़े स्तर पर जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने में मदद मिलेगी।
66 बार रक्तदान करने वाले दुर्गेश खत्री सम्मानित
शिविर का मुख्य आकर्षण रक्तदान शिविर रहा, जहां युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। इस दौरान चेंबर के सक्रिय सदस्य दुर्गेश खत्री को रिकॉर्ड 66वीं बार रक्तदान करने के लिए मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनकी इस अनुकरणीय उपलब्धि की वहां मौजूद सभी अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने सराहना की।
सैकड़ों लोगों ने कराई नि:शुल्क जांच
रक्तदान के साथ-साथ शिविर में पहुंचे सैकड़ों लोगों की चिकित्सकों की टीम द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श दिया गया। चेंबर अध्यक्ष संजय चौबे ने ‘रक्तदान को महादान’ बताते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी इस तरह के सेवा कार्य जारी रखेगी। उन्होंने शिविर को सफल बनाने के लिए डॉक्टरों की टीम, चेंबर के पदाधिकारियों और सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया

