Home » Gumla Murder: बेटी ने दर्ज कराई नामजद प्राथमिकी, डायन-बिसाही के संदेह में ग्रामीणों पर लगाए हत्या के आरोप

Gumla Murder: बेटी ने दर्ज कराई नामजद प्राथमिकी, डायन-बिसाही के संदेह में ग्रामीणों पर लगाए हत्या के आरोप

चार साल बाद कब्र से निकाला गया वृद्ध का कंकाल

by Mujtaba Haider Rizvi
Gumla Murder Case
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Gumla : गुमला जिले के रायडीह प्रखंड स्थित नवागढ़ बैगाटोली निवासी मलकन बैगा (65) का चार वर्ष बाद हत्या की आशंका में कब्र से कंकाल निकाला गया। मंगलवार को रायडीह थाना की पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कंकाल बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेजा, लेकिन वहां से इसे वैज्ञानिक जांच के लिए रांची स्थित रिम्स भेजा जाएगा।

जानकारी के अनुसार, मलकन बैगा की मौत 7 जून 2022 को हुई थी। उसी समय उसका शव दफन कर दिया गया था। करीब चार वर्ष बाद, 13 जुलाई को मृतक की बेटी उर्मिला देवी (35) ने रायडीह थाना में 9 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। प्राथमिकी में नवागढ़ बैगाटोली निवासी दीपक बैगा, गंगा बैगा, राजेश बैगा, देवकी देवी, पुको देवी, हीरा बैगा, जबली देवी, सुकरो देवी और सुमरई देवी को आरोपी बनाया गया है। उर्मिला देवी ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि उसके पिता की डायन-बिसाही के संदेह में हत्या की गई थी। 1 जून 2022 को मलकन बैगा धान रोपनी के लिए कई लोगों के साथ खेत पर गए थे। काम समाप्त होने के बाद जब सभी लोग अपने-अपने घर लौट गए, तब आरोपियों ने लाठी-डंडे से उनके साथ मारपीट की और मरा हुआ समझकर छोड़ दिया।

आरोप है कि इस दौरान दीपक बैगा ने कहा था कि तुमने तंत्र-मंत्र कर मेरे बेटे वीरेंद्र बैगा की हत्या की है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि 7 जून 2022 को सभी आरोपी फिर मलकन बैगा के घर पहुंचे और उसकी हत्या कर दी। इसके साथ ही परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी, जिससे भयवश किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी। चार वर्ष बाद बेटी द्वारा मामला दर्ज कराने के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए शव को कब्र से निकलवाया है।

13 जुलाई को मृतक की बेटी उर्मिला ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। हालांकि घटना 2022 की है। इसके बाद मामले की जांच के लिए शव को कब्र से निकाल कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
– संदीप यादव, थाना प्रभारी, रायडीह

Read Also: Gumla News: मछली खरीदने खरका पुल पहुंचे युवकों की बाइक नीचे गिरी, दो युवकों की मौत, एक ने कूदकर बचाई जान

Related Articles