
चतरा : शुक्रवार की सुबह जब शिक्षक सुजीत कुमार राम चतरा के रामनगर उच्च विद्यालय पहुंचे, तो उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि अंदर क्या नजारा उनका इंतजार कर रहा है। मुख्य गेट के पास पहुंचते ही उनकी नजर टूटे हुए ताले पर पड़ी। आशंका के तहत जब वे परिसर के अंदर दाखिल हुए, तो कमरे का नजारा देख हैरान रह गए। चोरों ने न सिर्फ लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ किया था, बल्कि हर कमरे को पूरी तरह खंगाल कर सामान अस्त-व्यस्त कर दिया था।
यह मामला राजपुर थाना क्षेत्र की चिरीदिरी पंचायत स्थित रामनगर हाई स्कूल का है, जहां गुरुवार की रात अज्ञात अपराधियों ने धावा बोलकर जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने बेहद इत्मीनान से घटना को अंजाम दिया। वे स्कूल का मुख्य दरवाजा तोड़कर घुसे और फिर ऑफिस व कक्षाओं के ताले चटका दिए।
जांच में सामने आया कि ये सामान अपने साथ ले गए चोर
4 कंप्यूटर सेट
स्मार्ट क्लास के 2 प्रोजेक्टर
CCTV कैमरों का पूरा सेट
इनवर्टर और सोलर बैटरियां
चोरी के साथ बर्बादी भी की
चोरों ने स्कूल की लाइब्रेरी (पुस्तकालय) को भी नहीं बख्शा। वहां रखी किताबों और उपकरणों को तोड़-फोड़ कर तितर-बितर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही राजपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बारीकी से मुआयना किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर सुराग जुटाने की कोशिश कर रही है।
Read Also: Chatra News: चतरा में बस और कार की आमने-सामने टक्कर, आठ घायल; कार चालक की हालत गंभीर

