
Jamshedpur : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के मुस्लिम बस्ती में रविवार रात हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। हमले में आफताब नामक युवक को तीन गोलियां लगी हैं। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसे इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर बर्मामाइंस थाना पुलिस के अलावा जीआरपी भी तफ्तीश के लिए मौके पर पहुंची। घटनास्थल से 13 खोखा और एक कारतूस बरामद हुआ है। इससे पता चलता है कि घटनास्थल पर 17 राउंड गोलियां चलाई गईं हैं।
घटना के पीछे वर्चस्व की जंग का मामला सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि ब्राउन शुगर की बिक्री से जुड़े झगड़े के बाद घटना को अंजाम दिया गया है।
बताते हैं कि बस्ती के ही बंधु नामक व्यक्ति ने आफताब पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी में आफताब की पीठ में एक और पेट में दो गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए घायल आफताब को टीएमएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है, वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल गोलीबारी के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आएगी और उसी के अनुरूप आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

