Home » Chatra News: बिहार भेजी जा रही 16 लाख की विदेशी शराब चतरा में जब्त, पुलिसकर्मी को कुचलने की कोशिश नाकाम

Chatra News: बिहार भेजी जा रही 16 लाख की विदेशी शराब चतरा में जब्त, पुलिसकर्मी को कुचलने की कोशिश नाकाम

by Mujtaba Haider Rizvi
Chatra Foreign Liquor Seizure
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Chatra: झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 16 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब की खेप जब्त की है। ट्रक में धान के भूसे के नीचे छिपाकर 3700 बोतल विदेशी शराब बिहार ले जाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान तस्करों ने वाहन से पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। पीछा किए जाने पर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप चतरा के रास्ते बिहार भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर शेरेगड़ा के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश करते हुए तेज रफ्तार से भाग निकला। पुलिस ने ट्रक का पीछा किया, जिसके बाद संघरी घाटी मोड़ के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

भूसे के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब

ट्रक की तलाशी लेने पर पुलिस को धान के भूसे के नीचे बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी मिली। ट्रक पलटने से भूसा हट गया और शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। पुलिस ने मौके से कुल 3700 बोतल विदेशी शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी गई है।

तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

एसडीपीओ ने बताया कि ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर फरार चालक और तस्करों की पहचान की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब की खेप किस राज्य से लाई गई थी और बिहार में इसे किस गिरोह तक पहुंचाया जाना था। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और इसमें शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Read Also: Chatra News : जब सुबह स्कूल पहुंचे शिक्षक तो उड़ गए होश… ताले टूटे, कमरे अस्त-व्यस्त और कंप्यूटर-CCTV गायब!

Related Articles