
Jamshedpur : ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) सिंहभूम ने कोल्हान विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक के नाम ज्ञापन सौंपकर एलएलबी प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2024–27) की परीक्षा तिथि शीघ्र घोषित करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अब तक परीक्षा कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है, जिससे छात्रों में असमंजस और चिंता का माहौल है।
AISF के झारखंड राज्य उपाध्यक्ष मुकेश रजक ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा कार्यक्रम घोषित करने में लगातार हो रही देरी से छात्रों की पढ़ाई और भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से 15 अगस्त 2026 तक परीक्षा कार्यक्रम जारी करने की मांग करते हुए कहा कि इससे छात्रों को व्यवस्थित ढंग से परीक्षा की तैयारी करने का पर्याप्त समय मिल सकेगा।
छात्र हित में आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन में संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि 15 अगस्त तक परीक्षा कार्यक्रम जारी नहीं किया जाता है, तो AISF छात्रों के हित में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
छात्र हितों को प्राथमिकता देने की अपील
AISF ने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेने और एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा तिथि घोषित करने की अपील की है। संगठन ने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अन्य परीक्षाओं से संबंधित सूचनाएं नियमित रूप से जारी की जाती रही हैं, इसलिए एलएलबी प्रथम सेमेस्टर का परीक्षा कार्यक्रम भी बिना विलंब जारी किया जाना चाहिए।

